उझानी (बदायूं)। बरेली-मथुरा हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से बचने के चक्कर में बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व परिजनों को सूचना दी। परिजन बाइक सवार को नाजुक हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
हादसा कछला के पास मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ। कछला में वार्ड नंबर-चार निवासी श्यामवीर सिंह (25) पुत्र सुखपाल घरेलू सामान खरीदने के लिए बाइक दोपहर में उझानी आया। घर लौटते समय तिराहे के पास ही सामने से ट्रक निकला। ट्रक से बचने की कोशिश में वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठा। बाइक सड़क किनारे पेड़ फिर उसके बराबर देवस्थान की दीवार से टकरा गई। उस वक्त श्यामवीर सिंह हेलमेट नहीं लगाए था। इससे श्यामवीर का सिर फट गया। मौके पर ही काफी खून बह गया। आसपास इलाके के लोगों की सूचना के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। एंबुलेंस के जरिए घायल श्यामवीर को लेकर जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में कछला चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इधर, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार चाहर ने बताया कि अज्ञात वाहन के बारे में कोई खास जानकारी नहीं है। पता चला है कि बाइक सवार पेड़ से टकरा गया।