बदायूं। बिसौली इलाके में हुई गैंगस्टर की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके साथी गैंगस्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है लेकिन अभी तक आरोपी गैंगस्टर का कुछ पता नहीं चला है। वह गांव से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगी है। वहीं पुलिस ने मंगलवार को गैंगस्टर के शव का पोस्टमार्टम करा दिया।
रविवार रात बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी छोटे उर्फ अय्यूब की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके शव को बरेली जिले की सीमा में सिरौली थाना क्षेत्र के जंगल में डाल दिया गया। छोटे की पत्नी शारजहां ने उसके ही साथी गैंगस्टर शमशुल हसन उर्फ सलीम उर्फ कर्रूया पर हत्या का आरोप लगाया था। उसका कहना था कि शमशुल सोमवार शाम उसे बुलाकर अपने साथ ले गया था। फिर उसने ही छोटे की गोली मारकर हत्या कर दी और गांव से भाग गया। अगले दिन परिवार वालों ने पुलिस के साथ खेतों में छानबीन की तो छोटे का शव बरेली जिले के सिरौली थाना क्षेत्र में पड़ा मिला। उसको दो गोलियां मारी गई थीं। उसकी बाइक और आधार कार्ड करीब एक किलो मीटर दूर पड़ा मिला था। उस समय पुलिस ने छोटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम शारजहां ने पुलिस को तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने देर रात आरोपी शमशुल के खिलाफ धारा 302 और 201 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी लेकिन उसका कुछ सुराग नहीं लगा। पुलिस ने मंगलवार दोपहर छोटे के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। इंस्पेक्टर पंकज लवानियां ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वह शातिर किस्म का अपराधी है। पुलिस उसे तलाश कर रही है।