बिल्सी (बदायूं)। दिवाली की रात पीएसी के जवान को गोली मारने के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और उसकी पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम अंबियापुर निवासी आकाश शर्मा पीएसी का जवान है। दिवाली की रात उसके मोहल्ले के प्रदीप शर्मा और अतुल कुमार के बीच आलू के कट्टे को लेकर विवाद हो गया था। प्रदीप शर्मा हिस्ट्रीशीटर है। दोनों के बीच अतुल के पिता मुकेश ने समझौता कराया था। आरोप है कि दिवाली पूजन के बाद अतुल का छोटा भाई पीएसी जवान आकाश हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शर्मा के घर बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लेने गया था। उसी समय हिस्ट्रीशीटर के बेटे श्रेष्ठ शर्मा ने आकाश को गोली मार दी। जो उसके कंधे को भेदते हुए दो अन्य लोगों को जा लगी। परिवार वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उसके बाद आकाश को जिला अस्पताल ले गए। जहां से उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका दिल्ली में उपचार चल रहा है। शुक्रवार शाम आकाश के पिता मुकेश शर्मा ने हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शर्मा, उसकी पत्नी कमलेश शर्मा और बेटे श्रेष्ठ शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। तीनों आरोपी कस्बे से भाग गए हैं। पुलिस उन्हें तलाश कर रही है।
प्रदीप शर्मा हमारे थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ कई केस चल रहे हैं। उसके बेटे ने पीएसी के जवान को गोली मारी थी, जिसमें तीन लोग घायल हुए थे। फिलहाल हिस्ट्रीशीटर और उसकी पत्नी, बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तीनों लोगों को तलाश किया जा रहा है।
-धर्मेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर बिल्सी