उघैती (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम स्वरूपपुर के नजदीक खाई में गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने पर सनसनी फैल गई। मौके पर जमा हुए लोगों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने कार्रवाई की मांग की, जिस पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को शांत करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बुधवार को कुछ लोग थाना क्षेत्र के ग्राम स्वरूपपुर से होकर गुजर रहे थे। उसी समय उन्होंने सड़क किनारे खाई में कुछ गोवंशीय पशुओं के सिर और पैर पड़े देखे। एक साथ कई पशुओं के सिर और पैर मिलने की सूचना पर गांव के कई लोग मौके पर जमा हो गए। उसी समय किसी ने थाना पुलिस को सूचना दे दी। जिससे थाना पुलिस के साथ सीओ बिल्सी संजय कुमार रेड्डी भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पशुओं को काटा जा रहा है। इसके बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही है। ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। बाद में इसकी सूचना पर एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने जैसे-तैसे ग्रामीणों को शांत कराया। उन्हें आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। उसके आधार पर ही सख्त कार्रवाई होगी, जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। तब कहीं ग्रामीण शांत हुए। उसके बाद पुलिस अवशेषों को कब्जे में लेकर थाने ले गई। इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि जो अवशेष मिले हैं, अभी उनकी पुष्टि नहीं हुई है कि वे गोवंशीय पशुओं के हैं या फिर महिष वंशीय पशुओं के। जांच की जा रही है, उसके आधार पर ही कार्रवाई होगी।