बदायूं। शिक्षा के मंदिर में मासूम छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोप में हिरासत में लिए गए स्कूल संचालक को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा। जिससे सुबह से लेकर दोपहर तक स्कूल गेट पर ताला पड़ा रहा।
आरोप है कि सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई सराय स्थित नाजिम सिटी मांटेसरी स्कूल का संचालक एवं अध्यापक कदीर मासूम छात्र-छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करता था। कभी छात्राओं को निशाना बनाता तो कभी छात्रों के साथ अश्लील हरकतें करता था। धीरे-धीरे करके आरोपी कदीर कई बच्चों के साथ हरकतें कर चुका था। मामला उनके अभिभावकों तक पहुंचा तो मंगलवार को उनका गुस्सा फूट पड़ा। कई अभिभावकों ने स्कूल पहुंच हंगामा करने के साथ संचालक को पकड़कर धुनाई लगा दी। बाद में पुलिस को फोन कर बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल संचालक को हिरासत में ले लिया था। देर शाम पुलिस ने कदीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने बुधवार दोपहर बाद आरोपी संचालक कदीर को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उधर, बुधवार सुबह एक भी बच्चा स्कूल में पढ़ने नहीं गया और न ही स्कूल का ताला खुला। उसमें पढ़ाने वाले तीन अध्यापक भी स्कूल नहीं गए।
स्कूूल की खत्म की जाए मान्यता
बदायूं। युवा क्रांतिकारी छात्र संगठन की बैठक में नाजिम सिटी मांटेसरी स्कूल की मान्यता समाप्त किये जाने के लिए शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया गया। साथ ही घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की गई।
लोची नगला में हुई बैठक में संगठन के जिलाध्यक्ष प्रयाग सिंह ने कहा कि आज शिक्षा के पवित्र मंदिर को ऐसे लोगों ने अपवित्र कर दिया है जो मासूमों के साथ ऐसी अश्लील हरकतें करके उनका शारीरिक व मानसिक शोषण करके उनके अंदर जीवन भर भय का माहौल बना देते हैं। ऐसे दरिंदे संचालक के विद्यालय की मान्यता को ख़त्म कर उसे कड़ी सजा दी जानी चाहिए। जिला संयोजक योगेंद्र सागर ने कहा कि ऐसे विद्यालय की मान्यता समाप्त होनी चाहिए। बैठक में राजेंद्र शाक्य, इरफान अंसारी, विशाल वैश्य, केंद्रभान सिंह, राजेंद्र शाक्य आदि मौजूद रहे।