उझानी (बदायूं)। बहादुरगंज मोहल्ले में मंगलवार को जुए के विवाद में मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फायरिंग के बाद से भागने में सफल रहे आरोपियों की तलाश में पुलिस ने बुधवार को भी दबिश दी लेकिन आरोपी घर पर नहीं मिले।
पुलिस के मुताबिक बहादुरगंज निवासी नन्हीं देवी पत्नी राजेंद्र राठौर की ओर से दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि मोहल्ले के ही अर्जुन पंडित, मुनीश और महेश, सौरभ ने कहासुनी के बाद उसके बेटे टिंकू राठौर से मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपियों में अर्जुन ने छत पर चढ़कर हवाई फायरिंग की।
बता दें कि विवाद जुए को लेकर हुआ था। अर्जुन समेत तीन-चार युवक मोहल्ले में जुआ खेल रहे थे। मुनीश और अर्जुन के बीच मारपीट का विरोध करने पर दोनों ने टिंकू को घेर लिया था। पुलिस ने घटना के बाद पांच युवकों को हिरासत में ले लिया था लेकिन उनका इस घटना से कोई ताल्लुक नहीं था। मंगलवार देर रात ही पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। जुए को लेकर कुछ और युवकों के नाम भी पुलिस के संज्ञान में आए हैं। उनके बारे में भी पुलिस ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि नामजदों की तलाश में उनके घरों पर बुधवार को भी दबिश दी गई लेकिन चारों फरार हैं। संवाद