दातागंज (बदायूं)। दातागंज इलाके में एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसके शव को बराही के जंगल में फेंक दिया गया। युवक तीन दिन पहले अपने खेत पर गया था। फिर, वहीं से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। सुबह उसकी सड़ी गली लाश मिली। इससे गुस्साए परिजनों ने उसके शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। बाद में सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जैसे-तैसे जाम खुलवाया। तब कहीं उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुखौरा के मजरा मिलक गौटिया निवासी धीरेंद्र (35) पुत्र रामभजन तीन दिन पहले अपने खेत पर गया था। देर शाम तक युवक घर नहीं लौटा तो परिवार वालों को उसकी चिंता हुई। इस पर परिवार वालों ने युवक को खोजना शुरू कर दिया। परिवार वालों ने उसके बारे में गांव और सभी रिश्तेदारों के यहां पता किया लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। इसके बावजूद परिवार वाले उसे तलाश कर रहे थे। गुरुवार सुबह कुछ लोग बराही के जंगल से गुजर रहे थे। उसी समय एक ट्यूबवेल के नजदीक उन्हें दुर्गंध आती महसूस हुई। उन्होंने नजदीक जाकर देखा तो वहां युवक की लाश पड़ी थी। युवक का शव काफी सड़ गल गया था। इसकी सूचना पर दर्जनों ग्रामीणों के अलावा युवक के परिवार वाले भी पहुंच गए।
उन्होंने धीरेंद्र के रूप में युवक की शिनाख्त की। परिवार वाले उसी समय से युवक की हत्या की आशंका जता रहे थे लेकिन कोतवाली पुलिस मान रही थी कि युवक की मौत शायद करंट लगने से हुई है। इस पर परिवार वाले भड़क गए। उन्होंने दातागंज-बरेली मार्ग पर युवक का शव रखकर जाम लगा दिया। इसकी सूचना पर सीओ एसके सिंह और इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जैसे-तैसे परिवार वालों को समझाया। करीब ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। तब कहीं परिवार वाले माने। उसके बाद पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोपहर बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। अभी परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। उन्होंने गांव के दो लोगों पर शक जताया है जिस पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
क्या कहते हैं अधिकारी
युवक तीन दिन से लापता था। परिवार वालों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी। वह युवक को तलाश कर रहे थे। सुबह उसका शव सड़ा गला मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला दबाकर हत्या बताई गई है। परिवार वालों ने अभी तहरीर नहीं दी है। फिर भी कोतवाली पुलिस से कहा गया है कि वह इस हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करें।
- प्रवीन कुमार चौहान, एसपी सिटी