इस्लामनगर। ग्राम सभा की जगह पर सौंदर्यीकरण को लेकर ग्रामवासी व प्रधान पक्ष आमने-सामने आ गए। काम को ग्रामीणों ने रुकवाने का प्रयास किया तो दोनों तरफ से पत्थरबाजी की गई। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की है 7
थाना क्षेत्र का ग्राम नदेरी हमेशा से विवादों को लेकर सुर्खियों में रहा है। मिश्रित आबादी वाला का गांव होने के कारण यहां अक्सर ही झगड़े होते रहते हैं। बताते हैं कि गांव से निकलते ही ग्रामसभा की लगभग दो बीघा जमीन है। जमीन के पास ही प्रधान पुत्र का प्लाट है। ग्रामीणों का कहना है कि सौंदर्यीकरण के नाम पर प्रधान पक्ष के लोगों ने वहां से घूर हटवा दिए और ईंट बिछवाकर अपने प्लाट का गेट ग्राम सभा की जमीन पर निकलवाना शुरू कर दिया। बीती रात ग्राम सभा की जगह पर काम चल रहा था। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने विरोध किया। आरोप है कि इस पर दूसरे पक्ष ने उन पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जवाब में ग्रामीणों ने भी पत्थर बरसाए, जिस पर वे लोग भाग गए। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से घटना की शिकायत की है। इस बारे में ग्राम सचिव राजीव ने बताया कि घूर हटाकर उस जगह का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, अगर वहां पर कोई प्लाट है तो वह मामले की जानकारी करेंगे। एसएसआई धर्मेंद्र यादव ने बताया कि पथराव की जानकारी नहीं है और किसी के भी द्वारा ग्राम सभा की जगह पर रात में कार्य नहीं कराया जाएगा।