उझानी। अफसर समेत चार कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण के बाद शुक्रवार को एचडीएफसी बैंक को 72 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। सुबह जो ग्राहक बैंक पहुंचे, वे वापस लौट गए। बैंक परिसर से जुड़े एटीएम केबिन पर भी पूरे दिन ताला लटका रहा।
एचडीएफसी बैंक के अफसर समेत जो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं, उनमें दो लोग मिल कंपाउंड में एक व्यक्ति के किराए के मकान में ही रहते हैं। दोपहर तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से भर्ती किए जाने के लिए उन्हें कोई मैसेज नहीं मिला तो वह कमरे में ताला डालकर परिवार समेत निजी वाहन से चले गए। कोरोना पॉजिटिव कर्मियों में एक युवक साहूकारा मोहल्ले का निवासी है। बताते हैं कि पांच दिन पहले बैंक का एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकला था। रामपुर जिले के मूल निवासी इस कर्मचारी को पॉजिटिव पाए जाने के बाद बैंक अफसरों ने उसे करीब आठ दिन पहले से छुट्टी पर बताकर कोरोना सुरक्षा मानकों के विपरीत बैंक को 48 घंटे के लिए बंीद करने से इंकार कर दिया था। इसके बाद बृहस्पतिवार रात में अफसर समेत चार कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो मैनेजर मोहित अग्रवाल ने अफसरों से बात कर बैंक को 72 घंटे के लिए बंद कर दिया है। बैंक अब सोमवार को खुलेगी। इधर, कोतवाली में दरोगा और उसके बेटे समेत सिपाही के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद कोतवाली में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बता दें कि कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक और दरोगा समेत चार पुलिस कर्मी पहले ही पॉजिटिव निकल चुके हैं।