बदायूं। सीजेएम कोर्ट में डीएम दीपा रंजन, सीडीओ ऋषिराज, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा सहित नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए परिवाद दायर किया है। सुनवाई को 30 अगस्त तय की गई है।
थाना उसहैत के गांव दलेल नगर निवासी राजेंद्र पाल सिंह पुत्र चिरौंजी लाल ने सीजेएम कोर्ट में 156 (3) सीआरपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। राजेंद्र पाल के अनुसार ग्राम पंचायत रिजौला की पूर्व प्रधान ममता शाक्य ने ग्राम सभा विकास की धनराशि राजेश कुमार, नेम सिंह पूर्व ग्राम पंचायत अधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षर से निकाल ली। जबकि विकास के नाम पर कोई कार्य नहीं कराया। राजेंद्र पाल ने डीएम, सीडीओ और डीपीआरओ को ज्ञापन भी दिया, लेकिन खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। राजेंद्र पाल सिंह ने पूर्व ग्राम प्रधान ममता शाक्य, उनके पति यादवेंद्र शाक्य, राजेश कुमार, नेम सिंह पूर्व ग्राम विकास अधिकारी, डीपीआरओ कार्यालय के बाबू कालीचरन, राजीव कुमार मौर्य पूर्व डीपीआरओ, वर्तमान डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, सीडीओ ऋषिराज और डीएम दीपा रंजन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए परिवाद दायर किया है। कोर्ट ने मामले में 30 अगस्त को संबंधित थाने से आख्या तलब की है। इस संबंध में जानकारी लेने के लिए डीएम दीपा रंजन को कॉल की गई, पर उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं सीडीओ ऋषिराज ने बताया कि इस संबंध में मेरे पास शिकायत नहीं आयी थी, फिर भी प्रकरण को दिखवाते हैं।