बदायूं। हादसों में कमी लाने के लिए शासन ने जिले में हादसों की वजह बन रहीं आठ सड़कों पर सुधारात्मक कार्य करने के लिए बजट जारी कर दिया है। जिले की इन सड़कों के लिए 86 लाख रुपये मिले हैं। इससे सड़कों पर ब्लैक स्पॉट समेत अन्य सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे। बता दें कि प्रदेश में सर्वाधिक हादसों वाले 20 जिलों में बदायूं भी शामिल है। उसका 18वां स्थान है।
हाल ही में हुए सर्वे में जिले में 33 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए। इनमें 12 नए ब्लैक स्पॉट भी शामिल हैं। रिपोर्ट बनाकर प्रशासन के माध्यम से शासन को भेजी गई। शासन ने बदायूं जिले की आठ सड़कों को चुना है। जहां सर्वाधिक हादसे हो रहे हैं।
इन सड़कों पर ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य कराने के लिए कहा गया है। यहां साइन बोर्ड से लेकर कैट आई भी लगवाई जाएंगी। सड़क किनारे जहां गड्ढे हैं, वहां मिट्टी डलवाई जाएगी। इन आठ सड़कों पर 86 लाख रुपये से ब्लैक स्पॉट व सुधार के कार्य होंगे। इसमें से करीब 43 लाख रुपये सरकार ने जारी भी कर दिए हैं।
इन सड़कों पर होगा काम
जिन सड़कों को चुना गया है, उनमें शाहबाद-बिसौली से कछला गंगा घाट मार्ग, आंवला-कुंवरगांव मार्ग, बदायूं-बिजनौर राष्ट्रीय राज्यमार्ग, मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे, उझानी संजरपुर- बिल्सी मार्ग, पीलीभीत-बरेली-मथुरा-भरतपुर मार्ग, वजीरगंज आंवला मार्ग,दातागंज तिराहे से कचहरी लालपुल मार्ग शामिल हैं। इन आठ मार्ग पर 22 ब्लैक स्पॉट है। जिन पर काम शुरू किया जाएगा।
यह होंगे काम
ब्लैक स्पॉट पर सड़क किनारे गड्ढे भरे जाएंगे, सड़क पर सफेद पट्टी होगी, कैट आई लगाई जाएंगी। इस तरह सुरक्षा के सभी इंतजाम किए जाएंगे, जिससे वाहन चालक को यह पहले से ही दिख जाए कि यहां खतरा है और वह पहले से संभल कर वाहन को चला सके।
जिले के आठ मार्गों पर 22 ब्लैक स्पॉट हैं। इन पर सुधारात्मक कार्य किए जाने हैं। सभी का स्थलीय निरीक्षण कर सूची जिला प्रशासन व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को सौंप दी गई है। अब पीडब्ल्यूडी के द्वारा काम कराया जाएगा। - अम्बरीश कुमार, एआरटीओ
बदायूं कुवंरगांव मार्ग पर होगा सुधारात्मक कार्य। संवाद