बदायूं। कोरोना संक्रमण काल में बुधवार रात आई रिपोर्ट ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। जिलेभर में 589 कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या बताई जा रही है।
बुधवार को जिलेभर से 5127 सैंपल एकत्र किए गए। इनमें 3518 सैंपल आरटीपीसीआर जांच को भेजे गए हैं। जबकि 1609 सैंपलों की एंटीजन टेस्ट किट से जांच कराई गई। इस क्रम में बुधवार रात आई रिपोर्ट चौंकाने वाली रही। इसमें 589 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। जिसमें केवल शहर में ही 228 सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा उझानी में 74, इस्लामनगर में 34, बिसौली में 30, म्याऊं में 25, जगत में 23, दातागंज में 22, सहसवान में 19, कादरचौक में 17, अंबियापुर और वजीरगंज में 16-16, उसावां और दहगवां में 13-13, आसफपुर में 12, सालारपुर में आठ और गैर जिलों में 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके अलावा 25 अन्य लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
बताया जा रहा है कि इस रिपोर्ट ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अब तक आई रिपोर्ट में 300 से लेकर साढ़े तीन सौ मरीज ही कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे थे लेकिन बुधवार रात इनकी संख्या एक साथ दोगुनी देखने को मिली है। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने सभी को होम क्वांरटीन रहने को कहा है।