बदायूं। जिले में लगातार कोरोना पॉजिटिव की संख्या में बढ़ोतरी होती जा रही है। इनमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक पॉजिटिव आ रहे हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज को एल-2 श्रेेणी का कोविड अस्पताल बनाया गया है। वहां फिलहाल एक कोविड मरीज भर्ती है। जबकि कॉलेज के 11 डॉक्टर समेत करीब 20 कर्मचारी पॉजिटिव है। ऐसे में अगर यहां पर भर्ती मरीजों की संख्या बढ़ती है तो इलाज में दिक्कत आ सकती है। हालांकि अभी ओपीडी लगातार चल रही है। यहां पर रोजाना मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
राजकीय मेडिकल में औसतन रोजाना 12 से 14 सौ मरीज आ रहे हैं। सामान्य दिनों की अपेक्षा इन दिनों ओपीडी में सर्दी, जुकाम, खांसी के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। ऐसे में लोगों की तबीयत ज्यादा खराब लगने पर डॉक्टर उनकी कोविड की जांच करा रहेे हैं। जिनमें से कुछ लोग पॉजिटिव भी आ रहे हैं। ऐसे लोगों के संपर्क में आने से राजकीय मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर से लेकर स्टाफ तक अब पॉजिटिव होने लगे हैं। हालात ये है कि मेडिकल कॉलेज में 11 डॉक्टर समेत करीब 20 स्टॉफ कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं, जो आइसोलेट है। उनकी जगह पर दूसरे डॉक्टर और स्टाफ कर रहे हैं, लेकिन जिस हिसाब से मेडिकल कॉलेज के स्टाफ पॉजिटिव हो रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में कॉलेज प्रशासन को परेशानी हो सकती है।
-
मेडिकल कॉलेज के 11 डॉक्टर समेत अन्य स्टाफ पॉजिटिव हुआ है। उनकी जगह पर दूसरे डॉक्टर और स्टाफ काम कर रहा है। सभी स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि वह कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन करें।
- डॉ. धर्मेंद्र गुप्ता, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज