बदायूं। रविवार को भी जिले में कोरोना के 18 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल की बेटी और पूर्व सीएमओ डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर शामिल हैं। एक संक्रमित को एल-टू कोविड अस्पताल बदायूं और दो का दूसरे जिलों में इलाज चल रहा है। अन्य 60 संक्रमित होम क्वारंटीन हैं।
जनवरी के पहले सप्ताह से जिले में कोरोना संक्रमण फैलने की रफ्तार तेज हुई थी। हालात की गंभीरता को देखते हुए शासन ने पिछले दिनों रात 11 से सुबह पांच बजे तक का रात्रि कर्फ्यू भी लागू कर दिया, लेकिन इसके बाद भी हालात बेकाबू हो रहे हैं। संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार को जिले में 1252 लोगों को सैंपल लिए गए थे। इनमें 698 की आरटीपीसीआर और 554 लोगों की एंटीजन जांच की गई। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में 18 संक्रमित मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा आठ संक्रमित शहर में मिले हैं। इसके अलावा उझानी में पांच, दातागंज में दो, दहगवां और बिसौली में एक-एक जबकि एक अन्य जनपद से मिला है।
दो दिन पहले कोरोना संक्रमित निकले पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल के परिवार का भी सैंपल लिया गया था। उनके परिवार में बेटी संक्रमित पाई गई हैं। 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हुए पूर्व सीएमओ डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर को भी कोरोना की पुष्टि हुई है। शनिवार को भी जिले में 19 संक्रमित मिले थे। इनमें सबसे ज्यादा शहर में ही थे। लगातार संक्रमण बढ़ने के बावजूद लोग कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं कर रहे। संवाद