बदायूं। जिले में रविवार रात सात और कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जिससे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इनमें दो पॉजिटिव शहर के मोहल्ला पटियाली सराय, दो उसहैत कस्बे के मोहल्ला सराय और तीन उझानी के ग्राम सिरसौल के रहने वाले बताये गए हैं। फिलहाल सभी को उझानी के कोविड-19 हॉस्पिटल भेजा जा रहा है।
रविवार रात स्वास्थ्य विभाग के पास कुल 71 सैंपल की रिपोर्ट आई, जिसमें 64 सैंपल निगेटिव निकले। जबकि सात कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इससे कोरोना संक्रमण के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। इनमें शहर के पटियाली सराय निवासी पिता-पुत्र बताये जा रहे हैं। 24 जून को इसी परिवार में मां-बेटी कोरोना संक्रमित निकली थी। जिस पर उन्हें उझानी के कोविड हॉस्पिटल भेजा गया था। इधर, उसहैत कस्बे के सराय मोहल्ले में कोरोना पॉजिटिव पाई गईं दो महिलाएं पिछले दिनों बिसौली कस्बे में मरे कोरोना पॉजिटिव की रिश्तेदार बताई जा रहीं हैं। बताते हैं कि उसहैत कस्बे से करीब 35 बिसौली पॉजिटिव के शव को देखने गए थे। जब मृतक की हिस्ट्री खंगाली गई तो स्वास्थ्य विभाग केबल 19 लोगों को ही ट्रेस कर पाया। इसके बावजूद 14 लोगों के सैंपल भेजे गए थे। इनमें दो महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं।
वहीं उझानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिरसौल में सास-बहू और नातिन कोरोना पॉजिटिव निकली हैं। इस परिवार में 23 जून को एक युवक बरेली में प्राइवेट लैब की जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिससे इस गांव को हाटस्पॉट बनाया गया था। साथ ही उसके परिवार के लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए थे। जिनमें ये तीन लोग पॉजिटिव पाए गए। अब उन्हें कोविड-19 हॉस्पिटल भेजा गया है।
बुलेट से कोविड-19 हॉस्पिटल पहुंचे कोरोना पॉजिटिव पिता-पुत्र
शहर के पटियाली सराय मोहल्ले में कोरोना पॉजिटिव पाए गए दोनों पिता-पुत्र एंबुलेंस से नहीं अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से कोविड-19 हॉस्पिटल पहुंचे। प्रत्यदर्शियों के मुताबिक रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस लेकर पटियाली सराय पहुंची थी। पिता-पुत्र उस एंबुलेंस में नहीं बैठे। उन्होंने अपनी बुलेट निकाली और उसी पर सवार होकर कोविड-19 हॉस्पिटल के लिए रवाना हुए।
कहीं चाय के साथ न बांट दिया हो कोरोना संक्रमण
उसहैत के मोहल्ला सराय में कोरोना पॉजिटिव निकली दो महिलाओं के परिवार से एक व्यक्ति कस्बे में चाय की दुकान चलाता है। बताते हैं कि ये परिवार बिसौली कस्बे में कोरोना पॉजिटिव के अंतिम दर्शन को पहुंचा था। जब लौटकर आए थे। तभी से नगर के लोग ये संभावना जता रहे थे कि ये लोग कोरोना पॉजिटिव हो सकते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसके बारे में बताया भी था। तब जाकर इनके सैंपल कराये गए थे। लोग ये भी बता रहे हैं कि इसके परिवार का एक व्यक्ति चाय की दुकान चलाता है। कहीं वो तो पॉजिटिव नहीं है। अगर वह कोरोना पॉजिटिव हुआ तो चाय के साथ उसने कोरोना संक्रमण जरूर बांट दिया होगा। इससे कस्बे में दहशत का माहौल है।
फैमिली कांटेक्ट से संक्रमित हुईं सिरसौली के युवक की पत्नी और मां-बेटी
ब्लॉक क्षेत्र के गांव सिरसौली में छह दिन पहले जो युवक प्राइवेट लैब की जांच में कोरोना संक्रमित आया, उसके परिजनों पर फैमिली कांटेक्ट भी भारी पड़ गया। युवक की पत्नी और मां-बेटी की रविवार को कोरोना रिपोर्ट आई तो गांव में हड़कंप मच गया।
सिरसौली निवासी युवक के कोरोना संक्रमित होने की वजह को लेकर स्वास्थ्य विभाग का यही कहना था कि उसका भाई पिछले हफ्ता दिल्ली से आया था। वह तो गांव से लौटकर दिल्ली चला गया लेकिन उसकी कोरोना संक्रमित रिपोर्ट ने परिवार के लोगों को परेशानी में डाल दिया। परिवार के लोगों में छह सदस्यों समेत रिश्तेदार महिला का 25 जून को ब्लड सैंपल जांच को भेजा गया था। रविवार को रिपोर्ट आई तो युवक की मां, बेटी और पत्नी भी संक्रमित पाई गईं। सिरसौली निवासी करीब चार दर्जन लोगों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है लेकिन परिवार के तीन सदस्यों की मौजूदा रिपोर्ट ने गांव वालों की परेशानी बढ़ा दी है। चिकित्साधिकारी डॉ. सुयश दीक्षित ने बताया कि कोरोना संक्रमित महिला, उसकी पुत्रवधू और नातिन की ट्रैवेल हिस्ट्री कोई खास नहीं है, तीनों ही फैमिली कांटेक्ट की वजह से संक्रमित हुई हैं। देर शाम ही तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कोविड-19 अस्पताल में भर्ती किए जाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रविवार रात 71 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 64 सैंपल निगेटिव निकले हैं। जबकि सात लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें दो पटियाली सराय, दो उसहैत के मोहल्ला सराय और तीन उझानी के सिरसौल गांव में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रही बात उसहैत के कम लोगों के सैंपल लिए जाने की तो जितने लोग संज्ञान में आए थे। उनके सैंपल जांच को भेजे गए थे। अब दोबारा से सर्वे कराया जाएगा। जो लोग संज्ञान में आएंगे, उनके सैंपल जांच को भेजे जाएंगे।
डॉ. यशपाल सिंह, सीएमओ