बदायूं। कोरोना के चलते डीएम कुमार प्रशांत ने सभी मॉल, जिम, स्वीमिंग पूल आदि को बंद रखने के निर्देश शुक्रवार को दिए थे, लेकिन इसका असर शनिवार को शहर के किसी भी मॉल पर दिखाई नहीं दिया। सभी ने सुबह से मॉल खोल लिए। शिकायत पर पुलिस-प्रशासन ने एक मॉल बंद कराया। इसके बाद भी कुछ मॉलों में खरीदारी जारी रही तो कुछ ने शटर गिरा दिए।
देश में कोरोना तेजी से दस्तक दे रहा है। इससे बचाव को लेकर शासन बेहद गंभीर है। जिले के सभी मॉल, जिम, स्वीमिंग पूल को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद मॉल संचालकों उन्हें बंद करना उचित नहीं समझा। इसकी जानकारी सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार को हुई तो उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मॉल को बंद कराने को कहा। जिसके बाद में पुलिस ने गांधी ग्राउंड के पास स्थित मॉल को बंद कराया। साथ ही सख्त निर्देश दिए हैं कि अगर मॉल को खोलने की कोशिश की तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा मॉल बंद कराए जाने की जानकारी होने पर दूसरे मॉल संचालकों ने अपने- अपने मॉल बंद किए।