बदायूं जिले में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। जनपद के 15 केंद्रों पर 33,984 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह तीन दिवसीय परीक्षा छह पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए कड़े इंतजाम किए हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। सुबह से ही जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। निर्धारित समय से पहले ही परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंच गए, जहां जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें प्रवेश दिया गया।
विज्ञापन
जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर कुल 33,984 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। तीन दिनों तक चलने वाली यह परीक्षा छह पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 5,664 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने कड़े इंतजाम करने के दावे किए हैं।
विज्ञापन
सघन तलाशी के बाद मिला प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। प्रवेश पत्र, आधार कार्ड तथा काला या नीला डॉट पेन के अलावा किसी भी वस्तु को केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा रुकने के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। वहीं प्राथमिक उपचार के लिए सभी केंद्रों पर दवाइयों की किट उपलब्ध कराई गई है। पुलिस और अन्य एजेंसियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था न फैल सके।