बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र की रेहड़िया चौकी पर तैनात सिपाही का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें आरोपी सिपाही मनोज कुमार सिंह किसी से धारा हटाने और केस से एक नाम निकालने के नाम पर 60 हजार रुपये लेने की बात को स्वीकारते हुए मामले में एक दरोगा का भी नाम लेन-देन में शामिल होने की बात कहता सुनाई दे रहा है। रकम लेने के बाद भी काम नहीं होने की बात कही जा रही है। संवाद न्यूज एजेंसी ऑडियो की पुष्टि नहीं करती है।
ऑडियो में कथित मामले में सिपाही मामले की जिम्मेदारी दरोगा पर डालते हुए उससे दोस्ती को लेकर भी टिप्पणी करता सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। सिपाही की ओर से केस और कार्रवाई से संबंधित निर्णय दरोगा के स्तर से होने की बात कही गई है। ऑडियो में सिपाही कह रहा है कि मैं पहली बार तुम लोगों के बीच फंस गया। मामले में 60 हजार से भी ज्यादा लेन-देन की बात कही गई।
फोन पर हुई बातचीत में सिपाही मनोज कुमार ने ऑडियो को फर्जी बताते हुए मामला करीब दो साल पहले बिनावर थाना क्षेत्र का बताया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आएगी।
सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल ऑडियो की जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।