पुलिस पर थाने से भगाने का आरोप
आरोप है कि देवर व जेठ ने षड्यंत्र के तहत उसके पति के हिस्से की जमीन अपने पिता से अपने नाम करा ली है। अब पीड़िता के पास गुजारा करने के लिए कोई भी साधन नहीं है। जिसकी शिकायत उसने तीन दिन पूर्व पुलिस से की। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। बृहस्पतिवार को भी थाने से उसे भाग जाने को कहा गया। पीड़िता वहीं थाने गेट पर बैठ गई और तबीयत बिगड़ने से बेहोश हो गई। मायके पक्ष यह कहकर उसे अपने साथ बदायूं ले गए कि वह एसएसपी को पूरा मामला बताकर न्याय की गुहार लगाएंगे।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि दो दिन पूर्व पीड़िता थाने आई थी। जमीन का मामला है। उसके जेठ और देवर पर शांति भंग की कार्रवाई भी कर दी और जांच के बाद आरोपों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया था। जांच की जा रही है। जांच के बाद उसकी शिकायत के मामले में कार्रवाई की जाएगी।