बदायूं। परिषदीय विद्यालयों में आरटीई के तहत गठित प्रबंध समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा। मौजूदा समितियों का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो रहा है। उनका जल्द पुनर्गठन किया जाएगा। इसके बाद विद्यालयाें में नई चीजें करने का मौका मिलेगा।
जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य समेत अन्य प्रकार की सुविधाएं बेहतर हों, इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. एमकेएस सुंदरम ने समितियों के गठन के निर्देश दिए थे। आदेश के मुताबिक जिले के 2155 विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया था। समिति की तरफ से विद्यालयों में दीवार, बरामदा, शौचालय, पेड़, खेल का मैदान, व्यक्तिगत स्वच्छता आदि के काम कराए जाने थे।
अब तक जो समिति संचालित हैं, उनमें कई निष्क्रिय पड़ी हैं। इसकी वजह से विद्यालयों में सही से योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नई समितियां नए तरीके से संचालित होंगी। बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार काम किया जाएगा। उसी के तहत जल्द ही समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा।