दिन भर छाई रही कोहरे की चादर, धूप न निकलने से बढ़ी गलन, ठिठुरते रहे लोग
बुधवार को सुबह से ही सर्दी के तेवर तीखे नजर आए। दिन निकलने के साथ ही कोहरा भी घना होता गया। इससे दिन में करीब 11 बजे तक कोहरे की काली चादर छा गई। यातायात भी प्रभावित हुआ। शहर के बाहर तो कोहरा छाने की वजह से विजुएलटी काफी कम होने से वाहन चालकों को भी काफी परेशानी हुई।
कोहरे के साथ बर्फीली हवा चलने से गलन और बढ़ गई। देर से शुरू हुई सर्दी ने गर्म कपड़ों की बिक्री को बढ़ा दिया है। इन दिनों मालवीय आवास, लॉवेला चौराहा के पास लगी गर्म कपड़ों की मार्केट में काफी संख्या में ग्राहक उमड़ रहे हैं। अन्य दुकानों पर भी गर्म कपड़ों की बिक्री हो रही है।
कहीं अंगीठी तो कही जले हीटर
बदायूं। शहर से लेकर देहात तक सभी लोग सर्दी से बचाव करने के इंतजाम में लगे रहे। ऐसे में सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों में कहीं अंगीठी, तो कहीं पर रूम हीटर से सर्दी से बचाव किया गया। खुले स्थानों पर दिन भर अलाव जलाकर लोग सर्दी से बचाव करने की कोशिश में लगे रहे।
कोयले की बिक्री में आई तेजी
बदायूं। देर से शुरू हुई भीषण सर्दी को देखते हुए कोयले की बिक्री में बढ़ोतरी हो गई है। इसके साथ ही लकड़ी के गुटकों की बिक्री भी खूब हो रही है। ग्राहकों के मुताबिक कोयले के दामों में करीब पांच रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, लेकिन सर्दी से बचाव करने के लिए लोग मजबूरी मेें खरीद रहे हैं।
रोडवेज बसों की भी घट गई रफ्तार
बदायूं। कोहरे की वजह से रोडवेज बसों का संचालन भी समय से नहीं हो पा रहा है, जहां जिले से दिल्ली जाने वाली बसों में करीब छह से सात घंटे का समय लगता था। अब वही बढ़कर आठ से 10 घंटे हो गया है। इस बारे में एआरएम राकेश कुमार का कहना है कि चालकों को सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कोहरा अधिक होने पर विजुएलटी कम होने पर बसों को खड़ा करने के लिए भी समझाया गया है।
सर्दी से बढ़ा दिया कार्यक्रम
बदायूं। युवा क्रांतिकारी छात्र संगठन की ओर से 23 एवं 24 जनवरी को होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम को भीषण सर्दी को देखते हुए बढ़ा दिया गया है। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि सर्दी की वजह से स्कूल कॉलेजों को बंद करा दिया गया है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पुनीत कश्यप, योगेंद्र सागर, विशाल वैश्य, श्रीकांत सक्सेना, राजा सक्सेना, राजेंद्र कुमार, शिवात्रय मिश्रा, भानु तोमर, हनी सक्सेना आदि मौजूद रहे।