बदायूं। जिला अस्पताल में एसी में बैठक कर आराम करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई होने जा रही है। सीएमएस ने गोपनीय जांच शुरू की है। वहीं, जिस कमरे में बैठकर कर्मचारी एसी का आनंद ले रहे थे, उसमें भी ताले डलवा दिए गए हैं। शनिवार को कर्मचारी हर वार्ड में स्ट्रेचर लेकर ड्यूटी पर तैनात देखे गए। मरीजों को एक्सरे से लेकर अन्य वार्डों तक ले जाने का काम कर्मचारियों ने किया है।
जिला अस्पताल के कर्मचारी सरकारी वेतन लेने के बाद भी स्ट्रेचर और व्हील चेयर से मरीजों को वार्ड से एक्सरे कराने ले जाने में आनाकानी करते थे। कर्मचारी एसी और कूलर में बैठकर आराम करते थे, वहीं तीमारदार खुद मरीज को एक्सरे, सीटी और ऑपरेशन रूम तक ले जा रहे थे। इस मामले की 31 मई को अमर उजला टीम ने लाइव पड़ताल की तो हकीकत सामने आई।
प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेते हुए सीएमएस ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की है। पता लगाया जा रहा है कि किस वार्ड में मरीज भर्ती थे्। उस समय किस कर्मचारी की वार्ड में ड्यूटी थी। जांच के बाद कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिस कमरे में कर्मचारी एसी का आनंद ले रहे थे, उस वार्ड में ताले डलवा दिए हैं।
प्रत्येक वार्ड और इमरजेंसी में वार्ड व्बाय इसीलिए तैनात किए जाते हैं कि मरीज की समस्या को हल करे। एसी लगे कमरे को आराम गृह बना रखा था। संज्ञान में आते ही उसमें ताला लगवा दिया है। वहीं कर्मचारियों की जांच वह स्वयं कर रहे हैं। दोषी कर्मचारियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।- डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस जिला अस्पताल