हाईवे के दोनों ओर अतिक्रमण हटवाया, चालान भी किए गए
बिनावर, मुजरिया और कुंवरगांव थानों में भी पुलिस ने चलाया अभियान
बिनावर, कुंवरगांव और मुजरिया थानों में पुलिस ने सोमवार को सफाई कराने के साथ कस्बों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। बिनावर थाने में सफाई अभियान के बाद कस्बे में एसओ सीपी सिंह ने फोर्स के साथ अतिक्रमण हटवाया। मुजरिया थाने में एसओ ललित मोहन सिंह, कुंवरगांव में हरिभान सिंह ने सफाई अभियान चलवाया। बिनावर में पुलिस ने हाईवे के दोनों ओर अतिक्रमण हटवाया। अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों के चालान भी काटे। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि अगर इसके बाद भी वह अतिक्रमण करते हैं जो वीडियोग्राफी कराकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कस्बों में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हड़कंप मचा रहा। बता दें कि योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री बनने के बाद कानून व्यवस्था के साथ पुलिस को साफ-सफाई के संबंध में भी आदेश दिए थे। इसके बाद से पुलिस जिले भर में अभियान चला रही है।
सक्रिय रहा एंटी रोमियो स्क्वायड
बदायूं। सोमवार को जिले भर में एंटी रोमियो स्क्वायड भी सक्रिय रहा। शहर में छात्राओं के कॉलेजों के बाहर पुलिस की टीमें मनचलों पर नजर बनाए रहीं। शहर कोतवाल लोकेंद्र सिंह पुलिस के साथ गश्त पर रहे। हालांकि, इस दौरान कोई मनचला नहीं पकड़ा गया। बिनावर, कुंवरगांव, सहसवान, मुजरिया और कादरचौक में भी पुलिस मनचलों की धरपकड़ को लेकर सक्रिय नजर आई।