बदायूं। एपीएस इंटरनेशनल स्कूल उझानी में पढ़ाई कर लौट रहा 12वीं कक्षा का छात्र अनिकेत सोमवार दोपहर स्कूल बस से बीच रास्ते में उतर गया। इसके बाद वह रहस्यमय ढंग से लापता है। परिजन चौबीस घंटे से खोज रहे हैं। इधर, मंगलवार सुबह चालक जब स्कूल बस लेकर मोहल्ले में अन्य बच्चों को लेने पहुंचा तो परिजनों ने चालक को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। पुलिस ने छात्र की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
सहसवान थाना क्षेत्र के मोहल्ला बजरिया निवासी संजय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भतीजा अनिकेत (17) पुत्र आकाश, एपीएस इंटरनेशनल स्कूल उझानी में कक्षा 12वीं का छात्र है। सोमवार को वह स्कूल गया था। छुट्टी के बाद वह अपराह्न दो बजे घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में बदायूं-मेरठ हाईवे स्थित अकबराबाद चौराहे पर बस रुकवाकर वहीं उतर गया। बस में मौजूद उसकी चचेरी बहन परी ने उतरने का कारण पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया।
उसके बाद से वह लापता है। बस में मौजूद चचेरी बहन परी ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई कि अनिकेत ने जिद कर अकबराबाद चौराहे पर बस रुकवाई थी और वहीं उतर गया था। उधर, परिजनों ने देर शाम तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बदायूं-मेरठ हाईवे स्थित अकबराबाद चौराहे पर पहुंचकर छानबीन की। चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें छात्र स्कूल बस से उतरने के बाद एक रोडवेज बस में सवार होता दिखाई दिया। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि छात्र की गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। टीमें छात्र की तलाश कर रही हैं।