बदायूं। वेतन के साथ एसीपी में हुए गोलमाल मामले की तीन सदस्यीय कमेटी जांच कर रही है। इसमें सीनियर टीओ, डीडीओ भी शामिल हैं। करीब 60 एडीओ पंचायत और सचिव के वेतन समेत एसीपी जांच शुरू हो गई है। हालांकि इनमें से कुछ कर्मचारी रिटायर भी हो चुके हैं। बताते हैं कि इन लोगों ने अनुचित तरीके से लाभ लिया। ऐसे में इनसे धनराशि की वसूली भी की जा सकती है।
जिले में 2014-16 के दौरान तैनात रहे तत्कालीन डीपीआरओ राजेश यादव के दौरान अनियमित तरीके से ग्राम पंचायत सचिव और एडीओ पंचायत को लाभ दे दिया गया था। मामला संज्ञान में आने पर सीडीओ ऋषिराज ने इसकी जांच के लिए कमेटी बना दी, जो इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। टीम के अनुसार इस मामले में 45 ग्राम पंचायत सचिव और 15 एडीओ पंचायत शामिल हैं। इन लोगों की पत्रावालियों की जांच की जा रही है। इनमें करीब आधा दर्जन एडीओ पंचायत और कुछ सचिव रिटायर हो चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, अनुचित तरीके से लाभ लेने वालों से रिकवरी की जाएगी। उम्मीद है कि जांच टीम तीन से चार दिन के अंदर अपनी रिपोर्ट उच्चधिकारियों को दे देगी। सीडीओ ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। रिपोर्ट मिलने के उपरांत उसके अनुसार कार्रवाई करेंगे।