बदायूं। प्रांतीय आह्वान पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने बुुधवार को पावर कॉरपोरेशन के अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार को 11 सूत्री ज्ञापन दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में व्यापारियों के साथ आम लोगों की समस्याओं को भी उठाया गया है। बिजली चोरी के मामलों में संबंधित जेई और मीटर रीडर को भी आरोपी बनाने की मांग भी व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से की है।
ज्ञापन में वाणिज्य कनेक्शनों पर न्यूनतम चार्ज खत्म करने और मीटरों की निशुल्क जांच की मांग की गई है। यह भी कहा गया है कि मीटर की जांच के नाम पर तीन सौ रुपये लिए जाते हैं जो गलत है। प्रदेश युवा अध्यक्ष नवनीत गुप्ता कार्यकारी जिलाध्यक्ष सर्वेश गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष लवकेश गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारी आवास विकास स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर पहुंचे। यहां पहले अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया बाद में ज्ञापन दिया। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से न लेने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। एक मुश्त समाधान योजना की शुरुआत उद्यमियों के लिए भी करने की मांग भी ज्ञापन में की गई है।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिला महामंत्री संजीव आहूजा, नगर महामंत्री अवधेश रघुवंशी, ऋषभ नारंग, नरेश चंद्र शंखधार, सोनू वर्मा, अमित महाजन, सन्नी साहनी, विनीता शर्मा, ध्रुव रस्तोगी, सौरभ गुप्ता, विनय गुप्ता, दीपक सक्सेना आदि रहे।
-
चोक नालों को लेकर पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन दिया
बदायूं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को शहर में चोक नालों को साफ कराने की मांग को लेकर पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल को भी ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि बारिश का मौसम आने वाला है। शहर में ज्यादातर नाले चोक होने के कारण बिना बारिश ही जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। ऐसे में बारिश से पहले नालों की सफाई कराई जानी जरूरी है। पालिकाध्यक्ष ने व्यापारियों को नालों की सफाई कराने का आश्वासन दिया। संवाद