नेता झुकसा मेले में खाने-पीने के सामान की जांच करती टीम। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की फूड सेफ्टी मोबाइल वैन बृहस्पतिवार को दातागंज के गांव नेता झुकसा में चल रहे देवी मेला पहुंची। यहां खाने-पीने के सामानों के 27 नमूने लिए गए। इनकी मौके पर जांच की गई। जिसमें पांच नमूने फेल हो गए। शुक्रवार को भी यहीं जांच होगी।
ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा से शुरू होकर 15 दिन तक चलने वाले मेले में बड़ी संख्या में खाने-पीने के सामान की दुकानें लगती हैं। इनमें खासकर खजला, जलेबी समेत अन्य मिठाइयां और चाट-पकौड़ी आदि शामिल होते हैं। अक्सर मेले में खाने-पीने के सामानों की गुणवत्ता की जांच नहीं हो पाती।
मेले में खाने-पीने के सामान की गुणवत्ता की जांच के लिए बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की फूड सेफ्टी मोबाइल वैन पहुंची। वैन पूरा दिन मेले में रही। कुल लिए गए 27 नमूनों में सोनपपड़ी, बूंदी का लड्डू, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर समेत पांच नमूने फेल हो गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि जिन दुकानदारों के नमूने फेल हुए हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद