बदायूं। रेलवे की ओर से मार्च में अंडरपास बना दिया गया था, लेकिन उसमें लाइटें नहीं लगवाईं। रेलवे अधिकारियों का कहना था कि अब लाइट और सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिका की है, लेकिन पालिका ने अंडरपास हैंडओवर न होने की बात कहकर लाइटें लगवाने से इनकार कर दिया था। मामला बढ़ने और लोगों की दिक्कत को देखते हुए फिलहाल पालिका ने यहां लाइटें लगवा दी हैं। ऐसे में लोगों को अब रात में यहां से निकलने में दिक्कत नहीं होगी।
शहर के डीएम चौराहे से नेकपुर होते हुए कचहरी जाने वाला मुख्य मार्ग है। नेकपुर के पास से रेलवे की लाइन गुजर रही है। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से लोगों को परेशानी होती थी। इसको देखते हुए रेलवे ने वहां पर अंडरपास बनाया, जो मार्च के दूसरे हफ्ते में शुरू कर दिया गया, लेकिन रेलवे ने उसके बाद आज तक वहां न तो सफाई कराई और न ही लाइट की व्यवस्था कराई। ऐसे में रात के समय यहां से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी होती थी।
इस संबंध में रेलवे अधिकारियों का कहना था कि पालिका ही यहां पर सफाई से लेकर लाइट की व्यवस्था करेगी, इधर पालिका ने हैंडओवर न होने की बात कहते हुए दोनों व्यवस्थाओं को कराने से इनकार कर दिया था।
ऐसे में जनहित में इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन की ओर से अंडरपास में सफाई कराना शुरू करते हुए वहां पर लाइटें भी लगवा दी गई हैं। ऐसे में अब राहगीरों को रात के समय अंडरपास से गुजरने में दिक्कत नहीं होगी।
-
तीन महीने में टूटने लगी सड़क
रेलवे द्वारा मार्च के दूसरे सप्ताह में अंडरपास शुरू कर दिया गया, लेकिन महज तीन माह के अंदर ही अंडरपास की सड़क कई जगह से टूटने लगी है, साथ ही सड़क में गड्ढे भी हो गए हैं। इसकी वजह से राहगीरों को परेशानी होने लगी है। लोगों का कहना है कि अगर समय से इस सड़क को सही नहीं कराया तो बरसात के दिनों में यहां पर स्थिति और भी ज्यादा बिगड़ सकती है।
-
रेलवे की ओर से अब तक कोई पत्र नहीं आया हैं लेकिन जनहित को ध्यान में रखते हुए अंडरपास में लाइटें लगवा दी गई हैं। सफाई भी कराई जा रही है ताकि लोगों को परेशानी न हो।
-दीपमाला गोयल, पालिकाध्यक्ष