उझानी में क्षतिग्रस्त पाइप लाइन ठीक करने में जुटे कर्मचारी। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। पानी का प्रेशर बढ़ने से तीन दिन पहले पंजाबी कालोनी लिंक रोड पर क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को पालिका कर्मी बृहस्पतिवार को भी ठीक नहीं कर पाए। ऐसे में पंजाबी कॉलोनी, मिल कंपाउंड के अधिकतर घरों में पानी का संकट बना रहा।
पंजाबी कॉलोनी के लिंक रोड पर सोमवार रात क्षतिग्रस्त हुई पाइप लाइन की वजह से सबसे ज्यादा दिक्कत कालोनी और श्रीनारायणगंज मोहल्ले के मिल कंपाउंड के नागरिकों को है। अधिकतर घरों में हालांकि पेयजल के लिए निजी संसाधन हैं लेकिन जिन घरों में हैंडपंप भी नहीं है, वहां रहने वालों को सार्वजनिक इंडिया मार्का हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा।
मिल कंपाउंड निवासी हरीओम ने बताया कि पाइप लाइन ठीक नहीं होने से दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को ठीक करने में जुटे कर्मचारियों ने नागरिकों को बताया कि पाइप का करीब पांच फुट हिस्सा पूरी तरह फटा हुआ निकला है। पाइप में जोड़ के पास लीकेज मिली है। जलकल प्रभारी नफीस अहमद की देखरेख में चल रहे पाइप लाइन को ठीक करने के काम में पालिका ने तीन मैकेनिक भी लगाए गए हैं। अहमद का कहना है कि देर शाम तक पाइप लाइन को ठीक कर दिया जाएगा। उधर, मोहल्ले के लोग बताते हैं कि लिंक रोड पर पिछले कुछेक महीनों से भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। रेलवे के मालगोदाम से अनाज और खाद लदे ट्रक भी इसी रोड से होकर गुजरते हैं। काफी हद तक संभव है कि पाइप लाइन फटने की दूसरी वजह अनाज और खाद लदे ट्रक रहे हों। संवाद