बिल्सी। पिछले आठ दिनों से वकील एसडीएम पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाकर उनके कोर्ट का बहिष्कार कर रहे हैं। इससे वादकारियों को परेशानी हो रही है। उनके तमाम काम रुके हुए हैं।
वकीलों की हड़ताल मंगलवार को आठवें दिन भी जारी रही। मंगलवार को वकीलों ने तहसील परिसर में एसडीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक एसडीएम का स्थानांतरण अन्य तहसील में नहीं किया जाता है तब तक हड़ताल जारी रहेगी। साथ ही बार एसोसिएशन बिल्सी में जिला बार एवं अन्य तहसील की बार एसोसिएशन से समर्थन की अपील भी की है। बार के अध्यक्ष रामनाथ शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर अध्यक्ष रामनाथ शर्मा, योगेश बिसारिया, प्रदीप सक्सेना, रामप्रकाश, विजेंद्र भानु सिंह, रामनिवास यादव, अरविंद यादव, संदीप सक्सेना, सुमित पाठक, ग्रीश कुमार आदि मौजूद रहे।