बिल्सी। दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को एसडीएम संजय कुमार सिंह के निर्देशन पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नगर के मुख्य बाजार में मिठाई विक्रेताओं की दुकानों पर अचानक छापा मारा। टीम ने दो दुकानदारों के यहां मावे से बनी मिठाईयों के नमूने लिए हैं। टीम की इस कार्रवाई से नगर में खासा हड़कंप मचा रहा।
विभाग की अनदेखी के चलते पिछले लंबे समय से नगर की कुछ मिठाईयों की दुकानों पर दूषित मिठाईयां धड़ल्ले से बेची जा रही हैं। जिनका प्रयोग करने से लोगों में संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना रहता है। दुकानों पर लगी मिठाईयों पर मक्खियां हर समय भिनभिनती रहती है। जब कभी टीम यहां छापा मारती है तो मिठाई विक्रेता अपनी दुकानों को बंद करके भाग जाते हैं। गुरुवार को भी ऐसा ही देखने को मिला। नगर के मुख्य बाजार में केवल दो दुकानों पर जाकर टीम मावे से बनी मिठाईयों के नमूने ले सकी। बाकी अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानों को बंद करके भाग गए। टीम के इस छापामार अभियान से नगर के मिठाई विक्रेताओं में खासी अफरा-तफरी मची रही।