दातागंज (बदायूं)। गुरुवार शाम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ढिलवारी के पास भूसा भरे ट्रक से एक किशोर नीचे गिर गया और उसी ट्रक से कुचलकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे बरेली ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रुदेली में गुरुवार शाम एक ट्रक में भूसा भरा गया था, जिसे लोड करने के लिए ग्राम रुदेली निवासी संजीव (17) पुत्र शिवचरन अन्य लोगों के साथ मजदूरी पर पहुंचा था। बताते हैं कि चालक ट्रक लेकर कस्बा की ओर रवाना हुआ था। उसी दौरान संजीव ट्रक के ऊपर बैठ गया। रास्ते में ग्राम ढिलवारी के पास अचानक ट्रक के सामने घोड़ा आ गया। चालक ने जैसे ही ब्रेक लगाए कि संजीव ट्रक के आगे आ गिरा और उसी से कुचलकर घायल हो गया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर किशोर के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। पहले किशोर को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया। देर शाम संजीव की इलाज के दौरान बरेली में मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। किशोर के शव का बरेली में ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।