उझानी (बदायूं)। हाईकोर्ट से स्टे मिलने के बाद ठेकेदारों ने पार्किंग शुल्क वसूली शुरू की तो टेंपो चालक भड़क गए। उन्होंने टेंपो पालिका गेट पर खड़े करके गुस्से का इजहार किया। चालकों ने 50 रुपया प्रति वाहन शुल्क देने से इंकार कर दिया। दोपहर बाद जब उन्हें यह पता लगा कि कोर्ट ने पालिका के फैसले पर रोक लगा दी है तो वह दोपहर में टेंपो लेकर चले गए। इसे लेकर अफरातफरी का माहौल बना रहा।
कछला रोड पर संचालित टेंपो के चालक रविवार सुबह में करीब 10 बजे कश्यप पुलिया के पास इकट्ठे हुए। उन्होंने पालिका सदस्य प्रेमपाल कश्यप से पार्किंग शुल्क वसूली की शिकायत की। इसके बाद चालक अपने टेंपो लेकर पालिका गेट पर आ धमके। गेट पर ही उन्होंने टेंपो खड़े करके पालिका कैंपस में डेरा डाल दिया। आरोप है कि ठेकेदार ने उन्हें विश्वास में लिए बिना ही वसूली शुरू कर दी है। ठेकेदार और उसके कारिंदे भी पालिका पहुंच गए। ठेकेदार ने उन्हें कोर्ट के स्टे आर्डर की प्रति भी दिखाई। चालकों में ओमप्रकाश, देवेंद्र, बंटी, जितेंद्र और राकेश ने बताया कि टेंपो चालकों से 50 रुपया वसूले जा रहे हैं जो गलत हैं। करीब तीन घंटा तक अफरातफरी के बीच चालक अपने टेंपो लेकर चले गए।
ईओ डॉ. डीके राय ने बताया कि वसूली हाईकोर्ट के आदेश पर शुरू हुई है। किसी से भी सूची से अधिक धनराशि नहीं वसूली जा रही है। सोमवार को प्रमुख स्थानों पर पालिका की ओर से पार्किंग शुल्क की सूची के बोर्ड भी लगवा दिए जाएंगे।