बदायूं। शहर के मौलवी टोला में रह रहीं पाकिस्तानी सास-बहू के पासपोर्ट और अन्य कागजात सही निकले हैं। उनके खिलाफ मोहल्ले के लोगों ने शिकायती पत्र दिया था, जिस पर एलआईयू से जांच कराई गई। एलआईयू ने अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मौलवी टोला निवासी आरिफ, राशिद, वाहिद, पप्पू, रोमान, कल्लू और मोहसिन ने एसएसपी से शिकायत की थी। उन्होंने कहा था कि उनके मोहल्ले का नदीम अहमद पुत्र फहीम अहमद दो साल पहले पाकिस्तान गया था। उसने एक लड़की से निकाह किया और उसे अपने घर ले आया लेकिन आज तक उसने हिन्दुस्तान की नागरिकता नहीं ली है। नदीम की मां भी पाकिस्तान की रहने वालीं हैं। उसके पिता की मौत हो चुकी है लेकिन उन्होंने भी अपनी पत्नी की नागरिकता नहीं ली। नदीम का परिवार पाकिस्तान जाता रहता है और यहां की सूचनाएं पाकिस्तान को देता है। इस संबंध में एसएसपी ने एलआईयू को जांच सौंपी थी। बताते हैं कि एलआईयू ने मौलवी टोला पहुंचकर मामले की जांच की। एलआईयू की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों सास बहू ने भारत की नागरिकता प्राप्त कर ली है और उनके पास पासपोर्ट भी हैं। यहां रहने के लिए दोनों ने समयावधि भी बढ़वाई थी। इस संबंध में एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उनके व्हाट्सएप पर ये शिकायत आई थी, जिसकी जांच कराई गई थी।