उझानी (बदायूं)। गंगाघाट को भी पॉलिथीन मुक्त रखने के लिए रविवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह की अगुवाई में पांच घंटे तक अभियान चला। घाट पर बिखरीं मिलीं पॉलिथीन की थैलियों को बटोरकर उन्हें बटोर लिया गया। डीएम के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष नरेश यादव और कर्मचारियों ने भी हाथ बंटाया।
कछला गंगाघाट पर डीएम दिनेश कुमार सिंह और उनके मातहत अफसर पूर्वाह्न में पहुंचे। गंगा किनारे के चारों घाट पर एक-एक करके सफाई अभियान चलाया गया। जहां भी पॉलिथीन की थैलियां पड़ी मिलीं, उन्हें बटोर कर डीएम ने कूड़ेदान में डाल दिया। साथ ही घाट पर मौजूद प्रसाद और चाट विक्रेताओं को भी दुकानों के आसपास कूड़ेदान रखने की सलाह दी। कहा कि पॉलिथीन का किसी भी कीमत पर इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। अगर कोई भी पॉलिथीन की थैलियों में प्रसाद आदि बेचता मिला तो नगर पंचायत प्रशासन की ओर से उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूल किया जाएगा। गंगाघाट को पॉलिथीन और गंदगी मुक्त रखने के लिए दुकानदारों को शपथ भी दिलाई गई। श्रद्धालुओं से भी कहा गया कि वह गंगा स्नान के लिए घर से निकलते समय कोई भी सामग्री पॉलिथीन में रखकर नहीं लाएं। नगर पंचायत अध्यक्ष नरेश यादव ने घाट पर विशेष व्यवस्थाएं करने का भरोसा दिलाया। अभियान के दौरान नगर पंचायत कर्मियों, समाजसेवियों के साथ इलाके के लोग भी काफी संख्या में मौजूद रहे।
लोक निर्माण विभाग ने चलाया सफाई अभियान
बदायूं। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शासन के दिशा निर्देशानुसार ‘मेरा कार्यालय मेरी सड़क’ के अंतर्गत माह के प्रथम रविवार को कार्यालय एवं सड़क पर सफाई अभियान चलाया। अधिकारी और कर्मचारी स्वयं सड़क पर झाड़ू लेकर उतरे। कार्यालय परिसर और सड़क पर इकट्ठा कूड़े को चयनित जगह पर डलवा दिया। इसी के साथ स्वच्छता की शपथ ली और अन्य लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने की अपील की। इस अवसर पर इंजीनियर हितेंद्र कुमार यादव, प्रशासनिक अधिकारी रवींद्र मोहन सक्सेना, राजीव सिंह राठौर, मानव कुमार शर्मा, शिवराज सिंह, पूरन लाल मौर्य, श्रीनिवास शर्मा, अनिल कुमार, महाराज सिंह आदि ने श्रमदान किया। ब्यूरो