बदायूं। 102 और 108 एंबुलेंस के चालकों की एक दिन की हड़ताल के बाद एंबुलेंस का संचालन करने वाली निजी कंपनी जीवीके वैकफुट पर आ गई है। कंपनी ने एंबुलेंस चालकों की ज्यादातर मांगों को मान लिया है। सोमवार रात से ही एंबुलेंस चालक काम पर लौटने लगे।
जिले में कुल 77 एंबुलेंस 102 और 108 हैं। इनमें 41 एंबुलेंस 102 और 34 एंबुलेंस 108 के साथ दो लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस भी हैं। एंबुलेंस चालकों की वेतन वृद्धि समेत कई मांगे लंबे समय से पूरी नहीं हो रहीं थीं। मांगों के समर्थन में चालकों ने सोमवार को काम बंद कर दिया। पूरा दिन एंबुलेंस के पहिये नहीं घूमे। जिला समन्वयक रोहित यादव ने बताया कि चालकों की 90 फीसदी मांगें मान ली गई हैं। सोमवार रात से ही एंबुलेंस का संचालन शुरू हो गया था। स्थिति अब सामान्य है। हड़ताल के दौरान जिले में किसी स्थान से कोई अप्रिय सूचना नहीं आई है।