बदायूं/ उघैती। दिनों दिन लोगों के लिए मुसीबत बनते जा रहे गोवंशीय पशुओं द्वारा जिले में कई लोगों की जान लिए जाने और घायल किए जाने के बाद भी प्रशासन इनका इंतजाम नहीं करा पा रहा है। यही कारण रहा कि सोमवार रात उघैती क्षेत्र में एक सांड़ ने एक ग्रामीण पर हमला करके उसे मार डाला। ग्रामीण उस वक्त अपनी फसल की रखवाली के लिए खेत पर जा रहा था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
उघैती थाने के गांव अमूपुर समेत आसपास के गांवों में कई छुट्टा सांड़ घूमतेे रहते हैं। यहां पहले भी सांड़ के हमलों में ग्रामीणों के घायल होने की घटनाएं हो चुकी हैं। लोग इन्हें पकड़वाने की मांग कई बार जिला प्रशासन से कर चुुके हैं, लेकिन इस पर अब तक ध्यान नहीं दिया गया। सोमवार रात गांव अमूपुर के 50 वर्षीय राम सिंह अपनी फसल की रखवाली के लिए खेत पर जा रहे थे। वह गांव के बाहर पहुंचे ही थे कि इसी दौरान उन पर एक लावारिस सांड़ ने हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर घायल हो गए। परिजन ने उनका निजी डॉक्टर के यहां इलाज कराया, लेकिन देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार वालों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।