उझानी। ईओ डॉ. डीके राय ने पालिका कर्मियों के साथ शनिवार को घंटाघर मार्केट में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के बाद आधा दर्जन दुकानों को चेक किया। तीन दुकानदारों से पांच-पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
पालिका कर्मियों की टीम जिन दुकानों पर पहुंची, उन पर पॉलीथिन की थैलियां तो नहीं मिलीं लेकिन खाने-पीने की कई ऐसी चीजें जरूर मिलीं जो प्लास्टिक या फिर पॉलीथिन जैसी थैलियों में पैक थीं। दुकानदार दयाशंकर, संजीव जैन और इख्तियार पर पांच-पांच सौ रुपये का जुर्माना डाल दिया गया। दुकानदारों केे तेवर देख ईओ ने मौके पर पुलिस को भी बुलवा लिया। ईओ ने निरीक्षण के दौरान घंटाघर मार्केट में बने सुलभ शौचालय में पानी का टैंक रखने का भी निर्देश दिया। इधर, उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार बंसल और संजीव आजाद ने ईओ से बात कर उन्हें सलाह दी कि कार्रवाई से पहले व्यापारियों को यह भी बताया जाए कि किस श्रेणी का पॉलीथिन का इस्तेमाल नहीं किया जाए। उन्हें शासनादेश की प्रति भी मुहैया कराई जानी चाहिए। ब्यूरो