डी पॉल स्कूल में प्रतिभागियों के मॉडल का अवलोकन करते निर्णायक मंडल के सदस्य। संवाद
बदायूं। इंस्पायर मानक योजना के तहत सत्र 2023-24 एवं 2024-25 में चयनित छात्र-छात्राओं की जनपद स्तरीय प्रदर्शनी व प्रोजेक्ट प्रतियोगिता डीपॉल स्कूल में हुई। इसमें बच्चों की प्रतिभा दिखी। इस दौरान नवाचारी मॉडल ने चयनित विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया।
नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन की प्रोजेक्ट एसोसिएट निहारिका व अक्षिता के मार्गदर्शन में निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के मॉडल का अवलोकन किया। इनमें उच्च प्राथमिक स्कूल नगला डल्लू के दिनेश की पैडल चलित वाशिंग मशीन, उच्च प्राथमिक विद्यालय हर रायपुर बिसौली की नीलम की क्लॉथ ड्राइंग मशीन, उच्च प्राथमिक स्कूल कादराबाद समरेर के छात्र सौरव कुमार व ग्लोबल हैरीटेज इंटरनेशनल स्कूल औरछी के छात्र चिराग चौधरी की फ्यूचरिस्टिक फॉर ओल्ड, पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज कुंवरगांव के छात्र विजयकांत की जेस्चर कंट्रोल क्लीनिंग रोबोट, मदर्स पब्लिक स्कूल की छात्रा सृष्टि श्रीवास्तव का डुअल मोड टेबल फैन, राजकीय हाईस्कूल खुनक के विजय सिंह की स्मार्ट सोलर मेडिसिन स्प्रिंग मशीन का चयन किया गया।
चयनित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के नवाचारों की सराहना की। जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया की बेसिक के विद्यार्थियों का चयन होने पर विभाग को अपने विद्यार्थियों व शिक्षकों पर गर्व है। वहीं, समन्वयक चंद्रभान यादव व जिला विज्ञान क्लब समन्वयक विवेक जौहरी ने सभी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।