बदायूं। जिलेभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं में गुरुवार को बाल दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। शहर से लेकर ब्लॉक स्तर तक बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सांस्कृतिक गतिविधियाँ, बाल मेले, खेल प्रतियोगिताएं, रचनात्मक प्रदर्शनियां और विचार गोष्ठियां मुख्य रूप से शामिल रहीं। सभी कार्यक्रम नेहरू जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद शुरू हुए। बच्चों की मुस्कान और उत्साह ने विद्यालय प्रांगणों को दिन भर जीवंत बनाए रखा।
शहर के गिंदाे देवी महिला महाविद्यालय में बाल दिवस कार्यक्रम मिशन शक्ति फेस-5 के साथ संयोजित किया गया। डॉ. ज्योति बिश्नोई और शशि प्रभा ने बालिकाओं को आत्मनिर्भरता और शिक्षा के महत्व पर संबोधित किया। छात्राओं ने काव्य पाठ, भाषण और गीत प्रस्तुतियों के माध्यम से बाल अधिकार, शिक्षा और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर प्रभावशाली संदेश दिए।
राजकीय डिग्री कॉलेज में प्राचार्य अनिल कुमार ने बाल दिवस के बारे में जानकारी दी। दरियाव सिंह राठौर मेमोरियल महाविद्यालय प्रबंध निदेशक रोहित कुमार के नेतृत्व में बाल दिवस पर कार्यक्रम हुए। केसरी सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज में प्रबंधक ऋषि पाल सिंह ने बाल दिवस के बारे में जानकारी दी।
शिव देवी सरस्वती शिशु मंदिर में बच्चों ने नृत्य, समूहगान, अभिनय और चित्रकला जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला प्रचारक भरत लाल ने बच्चों को आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा देते हुए कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को पहचानने का अवसर भी है। विद्यालय प्रधानाचार्य ने बच्चों को आगे बढ़ने का संदेश दिया।
परिषदीय विद्यालयों में रही बाल मेलों की रौनक
जगत ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मियागंज प्राचीन में प्रधानाध्यापक विजय कुमार शर्मा ने बाल दिवस की जानकारी दी। वहीं, मुजरिया क्षेत्र के रसूला, रफीनगर, मुजरिया, कोल्हाई, खंदक समसपुर बल्लू, बिचौला सहित दर्जनों गांव के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में चाचा नेहरू को याद किया गया। वहीं, प्राथमिक विद्यालयों में बाल मेले, खेलकूद कार्यक्रम और मॉडल प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया। कहीं बच्चे छोटे दुकानदार बनकर नन्हा बाजार चलाते नजर आए, तो कहीं विज्ञान के छोटे-छोटे मॉडल पेश किए गए।
बिल्सी में धूमधाम से मनाया बाल दिवस
बिल्सी। एनए इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य रामवीर सिंह ने सभी शिक्षकों के साथ पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण किया। मेले में देवेंद्र कुमार और मनोहर लाल शर्मा ने भी सभी स्टालों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसमें सौरभ, भुवनेश और शिवम के स्टॉल को प्रथम, रितेश, आयुष, अनमोल एवं तृप्ति, आयशा, अंशिका के स्टॉल को द्वितीय, जबकि प्रतिभा और दीक्षा के स्टॉल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। संचालन मुन्नालाल शाक्य ने किया। इस मौके पर हेमेंद्र पाल सिंह, निलेश सिंह, मुकेश कुमार, मोहम्मद हसीन, सत्येंद्र यादव आदि मौजूद रहे। संवाद
सामाजिक संस्थाओं ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
महिला पतंजलि योग समिति ने शहर के आनंद मार्ग आश्रम में अध्ययनरत बच्चों को फल, मिठाई, स्टेशनरी व उपयोगी सामग्री वितरित की। जिला प्रभारी उमा वार्ष्णेय ने कहा कि समाज का हर जिम्मेदार नागरिक बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपना योगदान दे। इसी प्रकार एक अन्य संस्था ने निर्धन बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन कर उन्हें पुरस्कृत किया। शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग में बाल स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षण अधिकारों पर विशेषज्ञ व्याख्यान हुआ। कॉलेज चेयरमैन ने कहा कि बाल दिवस बच्चों में आत्मविश्वास जगाने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। छात्रों ने रस्साकशी, खो-खो, 100 मीटर दौड़ और इंडोर गेम्स में उत्साह के साथ भाग लिया।
धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस
शहर के मदर एथीना स्कूल में कक्षा-प्लेग्रुप से कक्षा-12 तक के छात्र-छात्राओं ने बाल दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। निदेशिका महोदया चयनिका सारस्वत ने विद्यार्थियों को बाल दिवस के बारे में बताया। जीलाॅट पब्लिक स्कूल में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय के अध्यापक/अध्यापिकाओं की ओर से बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के प्रेरणादायक व शिक्षाप्रद कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रधानाचार्या ज्योति लता ने सभी को बाल दिवस की शुभकामनाएं दी।
दिल्ली पब्लिक स्कूल में बाल दिवस पर वित्त निदेशक आशीष सक्सेना, प्रबंधक ज्योति भारती ने सभी विद्यार्थियों को बाल-दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कहा कि विद्यालय का प्रत्येक प्रयास बच्चों की प्रतिभा, सृजनशीलता और उज्ज्वल भविष्य को संवारने के लिए समर्पित है। मदर्स पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्या शीबा खान, उप प्रधानाचार्या डॉ. दीपशिखा पंत के नेतृत्व में विद्यालय के शिक्षकों ने विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया। एचपी इंटरनेशनल स्कूल में बाल दिवस बेहद उल्लास और अपनत्व के साथ मनाया गया। प्रबंधक निदेशक शिवम पटेल ने बताया कि नेहरू जी का सपना था कि हर बच्चा मुस्कुराए। विद्यालय उसी सपने को हर दिन साकार करने की कोशिश करता है। फ्लोरेंस नाइटिंगेल पब्लिक स्कूल में बाल दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम अध्यक्षता रश्मि स्वरूप ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा को निखारना ही बाल दिवस का वास्तविक उद्देश्य है।
पुलिस परेड ग्राउंड में हुई दौड़, कुर्सी दौड़, थ्री लेग रेस प्रतियोगिताएं
बदायूं। वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन व एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में बाल दिवस पर पुलिस परेड ग्राउंड पर खेल प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतियोगिता में 50,100 मीटर दौड़, कुर्सी दौड़, थ्री लेग रेस आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी की पत्नी उर्वशी द्विवेदी ने विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सीओ लाइन डॉ. देवेंद्र कुमार, आरआई रामरूप सिंह राणा और पुलिस मॉर्डन स्कूल के अध्यापक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संवाद
जयंती पर याद किए गए नेहरू
बदायूं। जिला कांग्रेस कमेटी ने नेकपुर स्थित कार्यालय पर देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती मनाई। कार्यकर्ताओं ने नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें आधुनिक भारत का निर्माता बताया। कार्यक्रम में आलोक सिंह, अहमद अमजदी, बृजभूषण यादव, फौजी सत्यपाल सिंह, मृदुलेश यादव, नवनीत यादव, ओमवीर यादव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद
बिल्सी के एनए कालेज में छात्रों को पुरस्कृत करते प्रधानाचार्य रामवीर सिंह। संवाद
बिल्सी के एनए कालेज में छात्रों को पुरस्कृत करते प्रधानाचार्य रामवीर सिंह। संवाद
बिल्सी के एनए कालेज में छात्रों को पुरस्कृत करते प्रधानाचार्य रामवीर सिंह। संवाद
बिल्सी के एनए कालेज में छात्रों को पुरस्कृत करते प्रधानाचार्य रामवीर सिंह। संवाद