बदायूं/उसहैत। मैनपुरी जिले से अटेना घाट पर जल भरने आए चार बच्चे नहाते समय डूब गए, जिनमें तीन बच्चों को बचा लिया गया, जबकि एक लापता बताया जा रहा है। उसकी तलाश में गोताखोर लगे हुए हैं। देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला।
गुरुवार दोपहर मैनपुरी जिले के बिछवा थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर निवासी दर्जनों लोग बदायूं के अटेना गंगा घाट पर जल भरने पहुंचे थे। बताते हैं कि इनमें शामिल प्रशांत (10) पुत्र पुष्पपाल, मोहित और समीर पुत्रगण राकेश, अंशुल पुत्र पुष्पेंद्र एक साथ गंगा में नहा रहे थे। उसी दौरान चारों बच्चे गंगा में डूब गए। यह देखकर ग्रामीणों में कोहराम मच गया। उनका शोर शराबा सुनकर मौके पर मौजूद गोताखोर गंगा में कूद पड़े। उन्होंने मोहित, समीर और अंशुल को जैसे-तैसे बचा लिया लेकिन प्रशांत गंगा के तेज बहाव में बह गया। इसकी सूचना मिलते ही उसहैत इंस्पेक्टर अमृतलाल और फर्रुखाबाद के कंपिल थाने के एसओ मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक गोताखोर बच्चे को तलाशते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। देर शाम को गांव के लोगों ने बच्चों को घर भेज दिया। शुक्रवार सुबह दोबारा लापता बच्चे की खोजबीन शुरू की जाएगी।