नहाए-खाए के लिए भोजन तैयार करती एक महिला। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। नहाए-खाए के साथ सोमवार को छठ पूजा शुरू हो गई। मंगलवार को खरना की रस्म पूरी की जाएगी। पूर्वांचल के परिवारों में छठ पूजा को लेकर काफी उत्साह है। चार दिन तक चलने वाले इस पर्व का समापन 11 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इससे पहले बुधवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
शहर में पूर्वांचल समेत बिहार राज्य के भी कई परिवार रहते हैं। छठ पूजा को लेकर इन परिवारों में कई दिन पहले ही तैयारी शुरू हो गई थी। सोमवार को नहाए-खाए के साथ महिलाओं और पुरुषों ने मान को पवित्र किया। बिहार प्रांत के जितेंद्र कुमार ने बताया कि नहाए-खाए पर घरों में चने की दाल, लौकी की सब्जी और चावल बनाए गए। मंगलवार को खरना होगा। इस दिन महिलाएं उपवास रखेंगी और घरों में छठ पूजन के लिए प्रसाद बनाया जाएगा। बुधवार को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और बृहस्पतिवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद छठ पूजा का समापन होगा। स्टेशन अधीक्षक पारस प्रवीन भी पूर्वांचल से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने बताया कि कई घरों में छठ पूजा का उल्लास है। संवाद