पिता को बुलाकर छात्र को उनके सुपुर्द किया, पुलिस घटना को मान रही संदिग्ध
बिसौली। बृहस्पतिवार को चंदौसी का निवासी कक्षा सात का छात्र साइकिल से बिसौली कस्बा पुलिस चौकी पहुंचा। यहां छात्र ने बताया कि वैन सवार बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया था। उसकी साइकिल भी वैन में डाल ली थी, वह किसी तरह छूट आया है। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर छात्र को उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
मामला बिसौली कोतवाली से जुड़ा है। संभल जिले के चंदौसी नगर के मोहल्ला होली चौक निवासी विशाल रस्तोगी का बेटा अक्षत कक्षा सात का छात्र है। अक्षत के मुताबिक बुधवार शाम सवा चार बजे वह साइकिल से कोचिंग जाने को निकला। चंदौसी की मुख्य बाजार के पास एक व्यक्ति ने उसे रोककर वैन में बैठने को कहा। मना करने पर उसने उसके मुंह पर स्प्रे कर दिया। इससे वह बेहोश कर दिया। इसके बाद बदमाश उसे मय साइकिल के वैन में डालकर ले गए। छात्र ने बताया कि बिसौली कोतवाली क्षेत्र के इस्लामनगर चौराहे से आगे उसे सड़क किनारे छोड़ दिया। उसकी साइकिल भी फेंक दी।
नशा कम होने पर छात्र किसी तरह साइकिल लेकर मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर पहुंचा। रास्ते में पुलिस चौकी देखी तो वहां पहुंच गया। वहां उसने खुद के अपहरण की बात पुलिस को बताई। चौकी प्रभारी मुकेश कुमार ने छात्र को बैठाकर पूछताछ की। उसके पिता को कॉल की। सूचना मिलने पर पिता व अन्य लोग बिसौली पहुंच गए। पिता को सामने देख छात्र उनसे लिपटकर रोने लगा। बिसौली कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि छात्र साइकिल चलाकर चौकी पहुंचा था। जहां उसने अपहरण की बात कही। जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। घटना चंदौसी की है तो कार्रवाई वहां की पुलिस ही करेगी। संवाद