बदायूं। एक ट्रक संचालक को एआरटीओ को सोशल मीडिया पर चुनौती देना भारी पड़ गया। ट्रक पर वजन की पर्ची लगाकर उसने स्टेटस लिखा कि एआरटीओ को चालान काटना है तो काट लें। इस पोस्ट के वायरल होते ही परिवहन विभाग हरकत में आ गया। मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए एआरटीओ हरिओम ने ट्रक की जांच कराई।
धर्मकांटा संचालक से वजन की पुष्टि की। ट्रक 25 टन के वजन ढोने के लिए पास था, लेकिन उसमें 68 टन वजन भरा हुआ था। इसके बाद एआरटीओ ने ट्रक संचालक पर एक लाख आठ हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए चालान कर दिया।
एआरटीओ हरिओम ने बताया कि ओवरलोडिंग से सड़कें खराब होने के साथ हादसों का खतरा बढ़ जाता है। सोशल मीडिया पर इस तरह की चुनौती देकर कानून का मजाक उड़ाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एआरटीओ की कार्रवाई के बाद अन्य वाहन संचालकों में हड़कंप है। संवाद