बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र में प्लॉट दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये हड़पने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव अल्लीपुर टप्पा हवेली निवासी जीतपाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मोहल्ला गोपालगंज निवासी मुशीर अहमद और उसके पुत्र उजैर ने प्लॉट के एवज में उनसे पांच लाख रुपये लिए। आरोपियों ने न तो प्लॉट दिया और न ही रकम लौटाई। पूर्व में 7 सितंबर को शिकायत के बाद 10 अक्तूबर तक पूरी रकम लौटाने का लिखित फैसला भी हुआ था, लेकिन उन्होंने रुपये नहीं दिए।
आरोप है कि 19 अक्तूबर को जब पीड़ित रुपये मांगने आरोपियों के घर पहुंचा, तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार कार्रवाई की जाएगी। संवाद