बदायूं। फेसबुक पर बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार से संबंधित सामग्री अपलोड और प्रसारित करने के आरोप में साइबर थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना प्रभारी विनोद कुमार वर्धन ने बताया कि साइबर अपराध मुख्यालय उत्तर प्रदेश से प्राप्त सूचना के आधार पर एनसीआरपी पोर्टल पर उपलब्ध साइबर टिपलाइन रिपोर्ट की जांच की गई। इसमें फेसबुक अकाउंट (पीयूषरॉय469) से संबंधित संदिग्ध गतिविधि का उल्लेख था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस अकाउंट से 12 अप्रैल 2026 की रात करीब 1 बजकर 20 मिनट पर बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार से संबंधित सामग्री अपलोड किए जाने की जानकारी मिली।
जांच के दौरान पुलिस ने फेसबुक से प्राप्त रिकॉर्ड, मोबाइल सेवा प्रदाता से मिले सब्सक्राइबर विवरण, अपलोड से संबंधित आईपी एड्रेस और आईपीडीआर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों का मिलान किया। उनका कहना है कि प्रथमदृष्टया इन रिकॉर्ड के आधार पर अकाउंट का संबंध सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गला शर्की निवासी पियूष पुत्र योगेंद्र पाल से सामने आया।
इसके बाद साइबर थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री रखने और उसे फेसबुक के माध्यम से अपलोड या प्रसारित करने के आरोप में आईटी एक्ट की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज की।
साइबर नोडल अधिकारी एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में सामने आने वाले डिजिटल साक्ष्यों और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही होगी।