सिलहरी। कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के एमएफ हाईवे पर मंगलवार सुबह ई-रिक्शा और तेज रफ्तार बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसा गांव भगवतीपुर स्थित एक ईंट भट्ठे के पास उस समय हुआ, जब बदायूं की ओर से बिसौली जा रहा ई-रिक्शा और विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बाइक अचानक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे जा गिरा, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ई-रिक्शा में सवार महेताब सिंह (48 वर्ष) निवासी हरिनगला थाना कुंवरगांव, अफशाना (28 वर्ष) पत्नी मुन्ने हुसैन निवासी भजपुरा, राजेंद्र सिंह (57 वर्ष) निवासी सिलहरी, विशेष कुमार (27 वर्ष) निवासी बरातेगदार तथा बाइक सवार युवक (28 वर्ष) निवासी म्याऊं गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बरेली मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।