आसफपुर। चंदौसी निवासी एक युवक को शनिवार शाम बुलाकर उसका अपहरण करने का प्रयास किया गया। साथ ही पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पांच लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
थाना फैजगंज बेहटा पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में चंदौसी के मोहल्ला हनुमान गढ़ी निवासी अंकित शर्मा पुत्र सुरेश शर्मा ने बताया कि बीती 16 नवंबर की शाम उसके पास एक परिचित ने फोन कर चंदौसी स्थित एक होटल पर बुलाया।
जहां पहले से ही कुछ अपरिचित लोगों के साथ थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव खेड़ादास और सिसरका के लोग बैठे हुए थे। उसी समय उनमें से एक व्यक्ति ने सिसरका स्थित एक ईंट भट्टे पर चलने को कहा। ईंट भट्टे पर पहुंचने के बाद उसे बंधक बना लिया और उससे पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। युवक ने किसी तरह वहां से भागकर 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी युवक मौके से भाग गए। प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल वर्मा ने बताया की मामले की जांच की जा रही है, कार्रवाई की जाएगी।