बदायूं। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के चेयरमैन राकेश कुमार अरोड़ा ने कहा कि बैंक ग्रामीण क्षेत्र व मध्यमवर्गीय लोगों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बैंक की नई स्कीमों के बारे में भी बताया। हालांकि बदायूं में ग्राहकों को अलग से कोई सहूलियत देने की बात वह टाल गए।
चेयरमैन अरोड़ा बृहस्पतिवार को बदायूं में थे। उन्होंने यहां जिले की 70 बैंक शाखाओं के प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बात की। प्रबंधकों से कहा कि क्षेत्र की जमा राशियों में वृद्धि कर ऋण में गतिशीलता लाने तथा एनपीए के क्षेत्र में कमी लाने का काम करें। पत्रकारों को बताया कि उनका बैंक ग्रामीण क्षेत्र में काम करने वाला बड़ा बैंक है जो पंजाब नेशनल बैंक से जुड़ाव रखता है। बदायूं जिले में बैंक का कोई एटीएम नहीं है पर बैंक अपने खाताधारकों को एटीएम कार्ड जारी करता है जो पीएनबी से एक्टीवेट करके किसी भी मशीन से रुपयों की निकासी कर सकते हैं।
अरोड़ा ने कहा कि बैंक ने कई नई योजनाएं लांच की हैं। इनमें चिकित्सकों को संजीवनी योजना के अंतर्गत अतिरिक्त लाभ दिया जा रहा है। वहीं व्यक्तिगत ऋण में ग्रामीण बैंक सबसे कम ब्याज दर पर काम कर रही है। बताया कि ग्रामीण विकास उनकी प्रतिबद्धता है। किसानों को आवश्यकता के अनुरूप ऋण योजना द्वारा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक एसके गंधर्व, वरिष्ठ प्रबंधक अलखनाथ, प्रबंधक भरत लाल, मनोज कुमार जौहरी, अजय कुमार सक्सेना तथा अन्य शाखा प्रबंधक भी मौजूद थे। ब्यूरो