बदायूं। शाम छह बजे के बाद बाहरी डिपो की बसों को स्टैंड तक आने की छूट दी गई है। ऐसे में बस चालक मनमानी करके बसों को उल्टी साइड से निकालकर लावेला चौक पहुंच रहे हैं। जबकि इस तरफ से बसों के निकलने पर प्रतिबंध है। रविवार रात मनमाने तरीके से बसों के संचालन की वजह से जाम लग गया। इसमें एक एंबुलेंस भी फंस गई। हालांकि उसमें कोई मरीज नहीं था।
रोडवेज बस स्टैंड के पास खड़ी बसों की वजह से जाम लग गया। इसमें बाइक सवार भी फंस गए। एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि लावेला चौक से रोडवेज की बसों को नहीं निकाला जा सकता है। अगर ऐसा हो रहा है तो मामले की जांच कराई जाएगी। बाहर डिपो के चालक व परिचालकों को साफ निर्देश हैं कि शाम छह बजे के बाद बस स्टैंड से सवारी बैठाकर पुलिस लाइन चौराहे से होकर ही रूट पर जाना है। वहीं, यातायात निरीक्षक अजय पाल सिंह का कहना है कि रोडवेज के पास जाम को लेकर एआरएम को अवगत कराया गया है। अगर चालक नहीं मानते हैं तो बसों का चालान किया जाएगा।